PUBLIC NEWS CG: सावन माह में एक बार फिर भिलाई शिवमय होने जा रहा है। प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) के श्रीमुख से 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का आयोजन जयंती स्टेडियम, भिलाई में होगा, जहां प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक श्रद्धालु भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर सकेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, कथा में छत्तीसगढ़ सहित देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सात दिनों तक भक्ति, आध्यात्मिकता और शिव आराधना का विशेष माहौल रहेगा।
16 अगस्त को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
कथा शुरू होने से एक दिन पहले 16 अगस्त (रविवार) को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की शुरुआत सेक्टर-5 स्थित गणेश मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके बाद हजारों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण करेंगी। यात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां, भजन-कीर्तन और शिव भक्ति की अनूठी छटा देखने को मिलेगी।
भिलाई में लगातार तीसरे वर्ष होगा आयोजन
बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के प्रमुख दया सिंह ने बताया कि भिलाई में लगातार तीसरे वर्ष शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार आयोजन को और भी भव्य बनाने की तैयारी है। समिति का लक्ष्य इस आयोजन को गोल्डन वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने का भी है।
श्रद्धालुओं के लिए रहेंगी विशेष सुविधाएं
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

