डिप्रेशन ने ली महिला डॉक्टर की जान, 18 महीने पहले हुआ था तलाक; जांच में जुटी पुलिस

डिप्रेशन ने ली महिला डॉक्टर की जान, 18 महीने पहले हुआ था तलाक; जांच में जुटी पुलिस

Utter Pradesh Crime News: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में रविवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया। जब एक महिला ने अपनी बिल्डिंग की सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला की पहचान गाजियाबाद की जानी-मानी डॉक्टर हमीका अग्रवाल के रूप में हुई है। नीचे गिरने से उनके सिर में चोटें लगी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। लेकिन यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों लगातार तनाव में चल रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है।

18 महीने पहले हुआ था तलाक

डॉ. हमीका अग्रवाल के पिता और वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. आर. चंद्रा ने बताया कि करीब 18 महीने पहले उनकी बेटी का अपने पति से तलाक हो गया था। परिवार के अनुसार, इसके बाद से वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन का सामना कर रही थीं। वह गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-2 सोसाइटी में अकेले रहती थीं।

खुद थीं मनोचिकित्सक, लेकिन डिप्रेशन की शिकार 

डॉ. हमीका अग्रवाल पेशे से मनोचिकित्सक (साइकियाट्रिस्ट) थीं और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों की काउंसलिंग करती थीं। उनके निधन की खबर से परिवार, परिचितों और चिकित्सा जगत में शोक का माहौल है। यह घटना मानसिक स्वास्थ्य को गंभीरता से लेने की जरूरत की भी याद दिलाती है।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी 

विशेषज्ञों का कहना है कि मानसिक तनाव या अवसाद के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति लंबे समय से भावनात्मक परेशानी या मानसिक दबाव का सामना कर रहा हो, तो उसे परिवार, दोस्तों और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से समय पर मदद लेने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। समय पर मिला सहयोग कई गंभीर परिस्थितियों को टाल सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने