Public News CG: भिलाई में धर्म परिवर्तन के लिए कथित रूप से दबाव बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
मामला नेवई थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने अपने ही बेटे पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी को प्रार्थिया सरोज वर्मा (52 वर्ष), निवासी आशीष नगर पश्चिम, रिसाली भिलाई ने थाना नेवई में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनका पुत्र उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
विरोध करने पर आरोपी ने घर में तोड़फोड़ की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, घर में रखी धार्मिक मूर्तियों को हटाकर फेंकने तथा पूजा-पाठ में बाधा पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 और 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 3 एवं 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई और आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार का धार्मिक दबाव, धमकी या कानून विरुद्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे।
