PUBLIC NEWS CG: छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से 2 हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा मनेंद्रगढ़ जिले खड़गवां ब्लॉक के शिवपुर का है, जहां 3 ग्रामीणों की मौत हुई है, 5 लोग घायल है। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में इलाज जारी है।
वहीं, सूरजपुर जिले के ग्राम नमदगीरी में किसान विनय देवांगन (35) खेत में काम कर रहे थे, इसी दौरान वे बिजली की चपेट में आ गए। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से कई नदी-नाले उफान पर हैं। गरियाबंद जिले के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात है।
खोलापारा नाले के ऊपर से पानी बह रहा है। इस दौरान एक बाइक सवार ने नाले को पार करने की कोशिश की तो वह गिर गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे बहने से बचाया।
जलभराव के कारण आमामोरा, ओढ़, कुकरार और नगरार का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं, सारंगढ़-बरमकेला में लाट नाले में बही कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का 2 दिन बाद भी पता नहीं चल सका है। दोनों की तलाश जारी है।
अगले 2 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक मौसम बिगड़ा रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस बीच सोमवार दोपहर के वक्त रायपुर में तेज बारिश हुई।
