Cold Wave Alert: अगले हफ्ते उत्तर भारत में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 दिसंबर से हिमालयी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसकी वजह से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और कई जगह बारिश होने की संभावना है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा और ठंड बढ़ेगी।
18 से 20 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। निचले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। इस बार केदारनाथ और बद्रीनाथ के आसपास के पहाड़ों पर बर्फ कम गिरी है, इसलिए इलाके सूखे नजर आ रहे हैं, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है।
21 और 22 दिसंबर से पहाड़ों से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर आएंगी। इससे उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में तापमान 5 से 6 डिग्री तक गिर सकता है। कई जगह घना कोहरा भी छा सकता है, जिससे सुबह और रात में परेशानी बढ़ेगी।
कश्मीर में सर्दी और तेज हो रही है। 21 दिसंबर से यहां चिल्लई कलां की शुरुआत होगी, जो साल की सबसे ठंडी अवधि मानी जाती है। इस दौरान तापमान काफी नीचे चला जाता है और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। गर्म कपड़े पहनें, सुबह-शाम बाहर निकलते समय सतर्क रहें और पहाड़ी इलाकों में जाने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें। आने वाले दिन उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड लेकर आ सकते हैं।


