भिलाई: वैशाली नगर विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत फौजी नगर,वार्ड-24 में इस वर्ष होलिका दहन का कार्यक्रम बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वार्ड के छाया पार्षद दानवीर देवांगन के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए।
संध्या समय विधि-विधान से होलिका की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन किया गया। उपस्थित महिलाओं ने पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरा क्षेत्र भक्ति गीतों और होली के उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया। छाया पार्षद दानवीर देवांगन ने सभी वार्डवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।
होलिका दहन के बाद लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और पारंपरिक रीति से परिक्रमा कर सुख-शांति की प्रार्थना की। वार्ड 24 में आयोजित यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफल रहा, जिसमें सभी समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

