CG Vyapam Exam Dress Code: ठंड की वजह से छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने 7 दिसंबर को जल संसाधन विभाग में अमीन की भर्ती के लिए ड्रेस कोड में आंशिक परिवर्तन किया है। इसके अनुसार अभ्यर्थी बिना जेब वाले कोई भी रंग, आधी या पूरी बांह वाले स्वेटर पहन सकेंगे। परीक्षा कक्ष में प्रवेश के पहले होने वाली जांच के दौरान उन्हें स्वेटर निकालकर जांच करानी होगी। इसके बाद वह स्वेटर पहनकर परीक्षा हॉल में बैठ सकेंगे।
अमीन चयन परीक्षा 7 दिसंबर को दोपहर 12 से 2.15 बजे तक होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 11.30 तक अनिवार्य रूप से परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना होगा। इसके बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दुर्ग जिला समन्वयक साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय सिंह ने बताया कि बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों को बिना जेब वाले स्वेटर पहनने की अनुमति दी गई है। स्वेटर के लिए हल्के रंग या आधी बांह का बंधन नहीं होगा। लेकिन कपड़ों में हल्के रंग और आधी बांह के कमीज अनिवार्य हैं। काले, गहरे नीले, हरे जामुनी, महरून, बैंगनी रंग तथा गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित होगा।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोषाक वाले अभ्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा। उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही ऐसे पोषाक की अनुमति होगी। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहन सकेंगे। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित हैं। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के संचार उपकरण, इलेक्ट्रानिक उपकरण, इलेक्ट्रानिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कॉर्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित होगा। सहायक समन्वयक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि अभ्यर्थी केवल काले, नीले बॉल प्वाइंट पेन लेकर ही आएं।
परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से होगी जांच, उसके बाद ही प्रवेश
अमीन चयन परीक्षा राज्य के 16 जिलों में होगी। इसमें शामिल होने के लिए दुर्ग जिले से लगभग 28,000 से अधिक परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया है। इनके लिए जिले में 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर व्यापमं जैमर लगाएगा। परीक्षा केंद्र के मुख्यद्वार पर वरिष्ठ स्टॉफ के सदस्य प्रवेश पत्र एवं फोटो युक्त परिचय पत्र की जांच करेंगे। फिर परीक्षार्थियों को प्रवेश देने पर महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मी परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच करेंगे। इसके बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जायेगा। प्रत्येक 12 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा कक्ष में एक वीक्षक की ड्यूटी लगाई जाएगी।

