राजिम में निकली साधु-संतों की भव्य रैली, विदेशी श्रद्धालु भी भक्ति में सराबोर

राजिम में निकली साधु-संतों की भव्य रैली, विदेशी श्रद्धालु भी भक्ति में सराबोर

राजिम : त्रिवेणी संगम की पावन धरती राजिम में इन दिनों आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के संगम पर स्थित राजिम त्रिवेणी संगम में साधु-संतों ने विधिवत स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। स्नान के बाद घाटों पर भजन-कीर्तन, शंखध्वनि और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। आज महाशिवरात्रि को राजिम कुंभ मेला 2026 के आखिरी दिन साधु संतों की भव्य शोभा यात्रा निकली, जिसे देखने पूरा शहर उमड़ पड़ा। 


इस वर्ष राजिम में देश के विभिन्न राज्यों से आए साधु-संतों के साथ-साथ विदेशी श्रद्धालुओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति देखी जा रही है। विदेशी मेहमान पारंपरिक वेशभूषा में साधुओं के साथ संगम तट पर झूमते, भजन गाते और भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते नजर आए। कई विदेशी श्रद्धालुओं ने कहा कि राजिम की आध्यात्मिकता और यहां की सादगी उन्हें बार-बार आकर्षित करती है।

संगम स्नान के बाद साधु-संतों ने धर्मसभा में सनातन परंपरा, मानवता और विश्व शांति का संदेश दिया। अखाड़ों के संतों ने कहा कि राजिम केवल तीर्थ नहीं, बल्कि संस्कृति और समरसता का जीवंत प्रतीक है। घाटों पर ढोल-नगाड़ों की थाप और भक्ति संगीत के बीच साधुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

  मंदिर परिसर और घाटों को आकर्षक रोशनी व सजावट से सजाया गया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात की बेहतर व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी उत्साह है, क्योंकि दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के कारण क्षेत्र में रौनक बढ़ गई है।

विश्व प्रसिद्ध राजिम मेला मुख्य आकर्षण का केंद्र होता है।

 राजिम में चल रहे धार्मिक आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भारतीय संस्कृति की जड़ें कितनी गहरी हैं। संगम की लहरों के साथ गूंजते भक्ति गीत और साधु-संतों की आनंदमयी उपस्थिति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया है। विदेशी श्रद्धालुओं की भागीदारी ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय रंग भी दे दिया है।

आस्था, संस्कृति और वैश्विक सहभागिता का यह अद्भुत संगम राजिम को इन दिनों सचमुच “छत्तीसगढ़ का प्रयाग” बना रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने