Petrol Diesel Price hike: देशभर में महंगाई के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब ₹3 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी कर दी गई है। नई कीमतें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल ₹97.77 प्रति लीटर और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर हो गया है। ईंधन के दाम बढ़ने से लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ने वाला है।
क्यों बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम?
जानकारी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और वैश्विक तनाव के कारण तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं। पिछले कुछ दिनों से क्रूड ऑयल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था, जिसके बाद अब कंपनियों ने घरेलू बाजार में भी कीमतें बढ़ा दी हैं।
बड़े शहरों में पेट्रोल-डीजल के नए रेट
नई कीमतों के बाद कई बड़े शहरों में पेट्रोल और डीजल महंगा हो गया है। दिल्ली के अलावा मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में भी ईंधन के दाम बढ़े हैं। मुंबई में पेट्रोल 106 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है, जबकि डीजल भी 93 रुपये से ज्यादा हो गया है। वहीं कोलकाता और चेन्नई में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
🚨अन्य चीजों के दाम भी बढ़ेंगे?
डीजल के दाम बढ़ने का सीधा असर आम आदमी की जेब और किचन पर पड़ता है। इसे ऐसे समझिएः
⬆️ मालभाड़ा बढ़ेगा: ट्रक और टेम्पो का किराया बढ़ जाएगा, जिससे दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन महंगे हो जाएंगे।
⬆️ खेती की लागतः ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए किसानों को ज्यादा खर्च करना होगा, जिससे अनाज की लागत बढ़ेगी।
⬆️ बस-ऑटो का किरायाः सार्वजनिक परिवहन और स्कूल बसों के किराए में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में क्यों हुई बढ़ोतरी ?
इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका की जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं।
क्रूड की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियां दबाव में थीं। इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें और भी बढ़ाई जा सकती हैं।
पड़ोसी देशों में बढ़े दाम, भारत में अब हुआ इजाफा
सरकार अब तक यह तर्क देती रही थी कि पश्चिम एशिया युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में उछाल आया है। इसके चलते पाकिस्तान, नेपाल और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें 15% से 20% तक बढ़ गईं, लेकिन भारतीय उपभोक्ताओं पर इसका बोझ नहीं डाला गया।
सरकार और तेल कंपनियों पर बढ़ा दबाव
ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार और तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। लोग सोशल मीडिया पर भी पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। आने वाले दिनों में अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम नहीं हुईं, तो ईंधन के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
रोजाना ऐसे चेक करें पेट्रोल-डीजल के दाम
तेल कंपनियां हर दिन सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी करती हैं। ग्राहक इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की वेबसाइट या SMS सेवा के जरिए अपने शहर के ताजा रेट आसानी से चेक कर सकते हैं।



