करंट से मां-बेटे की मौत: GI पाइप छूते ही मां को लगा झटका, बचाने पहुंचा बेटा भी झुलसा

करंट से मां-बेटे की मौत: GI पाइप छूते ही मां को लगा झटका, बचाने पहुंचा बेटा भी झुलसा

PUBLIC NEWS CG|राजधानी रायपुर में शुक्रवार को करंट लगने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा टिकरापारा थाना क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान कल्याणी यादव (54) और उनके बेटे मुकेश यादव (23) के रूप में हुई है। कल्याणी अपने बेटे के साथ रायपुर में रह रही बेटी से मिलने आई थीं। उनकी बेटी छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।

जानिए कैसे हुआ हादसा ?

कपड़े लेने बालकनी में गई थी मां

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर कल्याणी कपड़े लेने बालकनी में पहुंचीं। कपड़े उतारने के दौरान उन्होंने जैसे ही GI पाइप को छुआ, उन्हें तेज करंट लग गया। करंट लगने के बाद वह पाइप से चिपक गईं और मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई।

मां को बचाने दौड़ा बेटा, वह भी करंट की चपेट में आया

मां को करंट से चिपका देखकर उनका बेटा मुकेश उन्हें बचाने के लिए तुरंत दौड़ा। उसने मां को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों बुरी तरह झुलस गए। परिवार और आसपास के लोगों ने मदद की कोशिश की, लेकिन मां-बेटे की मौत हो गई।

बेटी से मिलने आए थे, घर में छाया मातम

परिवार नर्सिंग की पढ़ाई कर रही बेटी से मिलने और उसके साथ समय बिताने आया था, लेकिन अचानक हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बेटी समेत पूरे परिवार के लिए यह घटना बेहद सदमे वाली है। एक ही हादसे में मां और भाई को खोने से परिवार में शोक का माहौल है।

तुरंत पहुंची पुलिस, हादसे की ये वजह आयी सामने 

  हादसे की जानकारी मिलते ही टिकरापारा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। इसके बाद दोनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है।

  शुरुआती जांच में सामने आया है कि मकान की बालकनी में कपड़े सुखाने के लिए विंडो कूलर और रेलिंग के बीच जीआई पाइप लगाया गया था। इसी पाइप पर कपड़े सुखाए जा रहे थे। आशंका है कि कूलर में करंट आने के बाद बिजली का प्रवाह जीआई पाइप और बालकनी की रेलिंग तक पहुंच गया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने