देवकीनंदन की कथा में लाखों का सोना चोरीः कलश यात्रा में 5 महिलाओं के गले से सोने की चेन पार, पर्स गायब; FIR दर्ज

देवकीनंदन की कथा में लाखों का सोना चोरीः कलश यात्रा में 5 महिलाओं के गले से सोने की चेन पार, पर्स गायब; FIR दर्ज

PUBLIC NEWS CG: रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर जी की श्रीमद्भागवत कथा चल रही है। जिसमें 8 जुलाई को निकाली गई कलश यात्रा में चोरों ने महिला श्रद्धालुओं को निशाना बनाया। भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने 5 महिलाओं के गले से सोने की चेन चुरा ली।

पीड़ित महिलाओं में संजय नगर निवासी ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू शामिल हैं। सभी महिलाएं पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक निकली कलश यात्रा में शामिल हुई थीं।

पीड़िता ओमकुमारी वर्मा का कहना है कि इन वारदातों के पीछे महिला गैंग का हाथ है। वहीं, अब मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला श्रद्धालुओं ने क्या कहा - 

मैं कथा सुनने गई थी। वहां मेरा ढाई तोले का सोने का चेन चोरी हो गया। मैं खाना खा रही थी, तभी देखा कि गले से चेन गायब था। बस, मिल जाए तो अच्छा है।  
-- बासन साहू (महिला श्रद्धालु)
देवकीनंदन ठाकुर की कथा से पहले हम कलश यात्रा में शामिल हुए थे। वहीं मेरा 17 ग्राम वजनी सोने का चेन चोरी हो गया। इस आयोजन में लापरवाही हुई है। 
-- लक्ष्मी यदु (महिला श्रद्धालु)
मेरा 1 तोले का सोने का चेन चोरी हुआ है। एंट्री गेट में भीड़ थी, तभी चोरी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, CCTV खराब था। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची थी।
-- अर्चना गुप्ता (महिला श्रद्धालु)

कैसे गायब हुआ सोने का चेन?

पीड़िता ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि वह कलश यात्रा में शामिल होने महामाया मंदिर गई थीं। महाराज के स्वागत के दौरान वह मोबाइल से वीडियो बना रही थीं, तभी उन्हें महसूस हुआ कि पीछे खड़ी किसी महिला ने उनके गले के पास हाथ लगाया।

कुछ देर बाद जब उन्होंने मोबाइल से सेल्फी ली, तब फोटो में उनके गले में केवल तुलसी और रुद्राक्ष की माला दिखाई दी, जबकि सोने की चेन गायब थी।

17.5 ग्राम वजन की सोने की थी चेन, कीमत 2 लाख+

लक्ष्मी यदु ने बताया कि चोरी हुई सोने की चेन का वजन करीब 17.5 ग्राम था, जिसकी कीमत 2 लाख रुपए से ज्यादा है। घटना के बाद वह पहले पुरानी बस्ती थाने पहुंचीं, लेकिन वहां से उन्हें सिटी कोतवाली थाना भेज दिया गया। इसके बाद उन्होंने वहां FIR दर्ज कराई।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने