पेण्ड्रा : जिले के ग्राम पनकोटा में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। आपसी सहमति के बावजूद उम्र में अंतर के कारण शादी न हो पाने से प्रेमी-प्रेमिका ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय युवक "कृष्णा भैना" और 21 वर्षीय युवती "अनिता भैना" के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी थी और वे शादी के पक्ष में भी थे, लेकिन युवक की उम्र कम होने के कारण विवाह संभव नहीं हो सका। हाल ही में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दोनों ने पंजीयन का प्रयास किया, परंतु कानूनी अड़चनों के चलते आवेदन स्वीकार नहीं किया गया।
बताया जा रहा है कि इस बात से दोनों मानसिक रूप से काफी परेशान थे। पहले युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही युवक ने भी देर रात पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है। इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर है।
