CG Rain Alert Today: प्रदेश के 12 जिलों में आज गुरुवार के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। यहां पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के शेष सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मानसूनी गतिविधियां अभी सक्रिय हैं। शुक्रवार से गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।🌧️ इन 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी
नारायणपुर, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी, कोरिया और जशपुर में अगले 24 घंटे के दौरान यलो अलर्ट घोषित किया गया है। शेष सभी जिलों में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में व्यापक बारिश हुई। बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई।
जून में 67% कम हुई बारिश, जुलाई- अगस्त में हुई भरपाई
प्रदेश में अब तक मानसून की अच्छी बारिश हो चुकी है। 30 जून तक प्रदेश में बारिश औसत से 67 फीसदी तक कम थी। आशंका जताई जा रही थी कि अल-नीना असर के कारण इस साल मानसून की बारिश काफी कम रहेगी। जुलाई के पहले सप्ताह से प्रदेश में शुरू हुई बारिश अगस्त के बीतते तक जारी है। 26 अगस्त तक प्रदेश में 863.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसत 882.4 से महज दो फीसदी कम है। बारिश का वितरण भी अच्छा रहा है। कम बारिश वाले जिलों की संख्या सिर्फ चार रह गई है। इनमें बेमेतरा, जशपुर, कांकेर और सरगुजा हैं। यहां 32 से 40 फीसदी कम बारिश है।
